हैट्रिक ऑफ प्राइड: भारत ने जीता तीसरा टी-20 विश्वकप, फाइनल में फट गए रिकॉर्ड्स के पन्ने

Advertisement
अहमदाबाद। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में आज केवल चौकों-छक्कों की बारिश नहीं हुई, बल्कि भारतीय क्रिकेट के गौरव का एक नया इतिहास लिखा गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त देते हुए तीसरी बार विश्व विजेता का ताज अपने सिर सजा लिया है। 2007 और 2024 की ऐतिहासिक जीत के बाद, टीम इंडिया ने खिताबी 'हैट्रिक' पूरी कर दुनिया को बता दिया कि क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट का असली किंग कौन है।
इस मुकाबले में रिकॉर्ड्स के पन्ने किसी सूखे पत्ते की तरह फटे। संजू सैमसन के बल्ले से निकले 'विराट' रिकॉर्ड्स हों या पावरप्ले में अभिषेक शर्मा का मचाया तांडव, टीम इंडिया ने नॉकआउट इतिहास का सबसे विशाल स्कोर (255/5) खड़ा कर कीवी टीम को मुकाबले से पहले ही बाहर कर दिया था। इसके बाद जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में धारदार गेंदबाजी ने रही-सही कसर पूरी कर दी और करोड़ों भारतीयों को जीत के जश्न में सराबोर कर दिया।
अहमदाबाद की फिजाओं में गूंजता 'वंदे मातरम' और तिरंगे की शान बता रही है कि यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के उस प्रभुत्व की मुहर है जिसे आने वाली पीढ़ियां मिसाल के तौर पर याद रखेंगी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत ने क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत को एक नए शिखर पर पहुँचा दिया है।
आज का दिन पूरी तरह से संजू सैमसन के नाम रहा। संजू ने न केवल भारत को जीत की दहलीज पर खड़ा किया, बल्कि आंकड़ों की दुनिया में भी सुनामी ला दी।
विराट कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त: संजू सैमसन अब टी20 वर्ल्ड कप के एक ही सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 5 मैचों में 321 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 2014 में 319 रन बनाए थे। संजू का स्ट्राइक रेट (199) कोहली के 2014 के स्ट्राइक रेट (129) से कहीं आगे रहा।
फाइनल की सबसे बड़ी पारी: संजू ने 46 गेंदों में 89 रनों (5 चौके, 8 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स (85 रन, 2016) का रिकॉर्ड तोड़कर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सिक्सर किंग: संजू ने इस विश्व कप में कुल 24 छक्के जड़े, जो एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्कों का नया रिकॉर्ड है।
हैट्रिक ऑफ फिफ्टी: वह विराट कोहली और शाहिद अफरीदी के बाद दुनिया के मात्र तीसरे ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन मैचों में अर्धशतक जमाए हैं।
18 गेंदों में 'फिफ्टी' और पावरप्ले का महा-रिकॉर्ड
आलोचनाओं का सामना कर रहे युवा अभिषेक शर्मा ने फाइनल के सबसे बड़े मंच पर अपने बल्ले से जवाब दिया। उन्होंने मात्र 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक (52 रन, 21 गेंद) और संजू ने मिलकर पहले विकेट के लिए महज 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े।
पावरप्ले में तबाही:
भारतीय सलामी जोड़ी ने 6 ओवर के पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 92 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने महज 4 ओवर में ही 50 का आंकड़ा पार कर लिया था।
बाउंड्री की बौछार और कीवी गेंदबाजों की बेबसी
अहमदाबाद के मैदान पर आज चौकों-छक्कों की बारिश नहीं, बल्कि सैलाब आया था। भारतीय पारी में कुल 37 बाउंड्री (18 छक्के और 19 चौके) लगीं। भारत टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में 18 छक्के लगाने वाली पहली टीम बनी।
ईशान की आतिशबाजी: दूसरे छोर पर ईशान किशन ने भी बहती गंगा में हाथ धोए और 25 गेंदों में 54 रनों की पारी खेलकर भारत को 200 के पार पहुँचाया। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर को 255 तक पहुँचाकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी।
न्यूजीलैंड के लिए शर्मनाक रिकॉर्ड्स
जहाँ भारत ने इतिहास रचा, वहीं कीवी गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में 24 रन लुटाए, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर बन गया। कप्तान मिचेल सैंटनर ने केन विलियम्सन के 29 मैचों की बराबरी तो की, लेकिन उनके गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। जेम्स नीशम ने 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन तब तक स्कोर बोर्ड पर आग लग चुकी थी।


