पटना, 2 अप्रैल । जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब जनता के दिल में ममता बनर्जी के लिए 'ममता' नहीं बची है। उन्होंने कहा कि बंगाल की सीएम हार के डर से परेशान हैं और इसी वजह से एसआईआर के मुद्दों पर विवाद खड़ा कर रही हैं।नीरज कुमार ने नीतीश कुमार को दी गई जेड प्लस सुरक्षा को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि नीतीश कुमार राज्यसभा में शपथ लेने जा रहे हैं और उन्हें कानून के तहत सुरक्षा दी जा रही है। इसमें कोई असामान्य बात नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से नियमों के अनुसार है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके असर पर भी नीरज कुमार ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक संकट का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है, हालांकि इसके लिए भारत जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमें पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर 30 जून तक कस्टम ड्यूटी खत्म करने की घोषणा की गई है।
नीरज कुमार ने कहा कि यह एक कल्याणकारी कदम है और इससे उद्योगों को राहत मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी को निभाया है और यह फैसला देशहित में है।
गुरुवार को वित्त मंत्रालय ने महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर पूरी कस्टम ड्यूटी माफ करने की घोषणा की है। यह छूट 30 जून तक लागू रहेगी। इस छूट का सबसे बड़ा फायदा उन उद्योगों को मिलेगा, जो पेट्रोकेमिकल फीडस्टॉक और इंटरमीडिएट्स पर निर्भर हैं। इनमें प्लास्टिक, पैकेजिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल, केमिकल, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स और अन्य मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर शामिल हैं।

