भिंड, अक्षय जोशी । जिले के मिहोना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों के अनुसार तीन चोरों ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के दौरान आरोपी घर से करीब पांच तोला सोने के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।


सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की है।


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।