सुनार नदी पर बने पुल से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे गिरि

Advertisement
दमोह,राजेंद्र तिवारी।दमोह जिला के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनार नदी पर बने पुल से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। यह घटना नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।
हादसे के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति तैरते हुए सुरक्षित बाहर निकल आया। वहीं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में दो लोग सवार थे, जिनमें एक महिला की मौत की सूचना है। महिला के शव की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार जुटी हुई है।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ की टीम को तत्काल रवाना किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे।
यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को भी मौके पर भेजा गया है। करीब तीन घंटे से अधिक समय बीत चुका है और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मृतक महिला के शव को बरामद करने का हर संभव प्रयास कर रही है।
घटनास्थल पर पुलिस व प्रशासनिक अमला मौजूद है और मामले की जांच जारी है।
