छतरपुर। छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा क्षेत्र के गोयरा थाना इलाके में केन नदी में डूबने से 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार को बारबंद क्षेत्र में हुआ, जहां युवक अपने परिजनों के साथ नदी में नहाने गया था। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए अवैध रेत उत्खनन को जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि अवैध खनन के कारण नदी में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गिरवा थाना क्षेत्र स्थित बहेरी गांव निवासी रोहित विश्वकर्मा (19) पुत्र मुन्नू विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि नहाते समय रोहित नदी के बीच बने एक गहरे गड्ढे में चला गया। उसे तैरना नहीं आता था, जिसके चलते वह पानी में डूब गया।एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि युवक का शव नदी से बाहर निकालकर चंदला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केन नदी में अवैध रेत खनन के कारण 20 से 50 फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप पूरी तरह बिगड़ चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया एलएनटी और लिफ्टर मशीनों से नदी की जलधारा के बीच अवैध उत्खनन कर रहे हैं, जबकि वहां खनन की अनुमति नहीं है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




