चंदला,जीतेन्द्र तिवारी। मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक रूहानी वारदात चंदला थाना क्षेत्र के बलकौरा गाँव से सामने आई है, जहाँ नशे की गिरफ्त में चूर एक हैवान पति ने अपनी ही गर्भवती पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल दो मासूम बच्चों के सिर से माँ का आँचल छीन लिया, बल्कि उस नन्हीं जान के अस्तित्व को भी दुनिया में आने से पहले ही समाप्त कर दिया, जो अभी कोख में पल रही थी। मृतका की पहचान सुमन उर्फ पिंकी अहिरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति नशे का आदी था और आए दिन घर में विवाद कर पिंकी के साथ मारपीट करता था। बुधवार को नशे के जुनून में उसने सारी सीमाएं लांघ दीं और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
इस हैवानियत ने गाँव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही चंदला थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और गिरफ्तारी के बावजूद बलकौरा गाँव गहरे सदमे और भय में डूबा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ समय में मर्डर की यह तीसरी वारदात है, जिससे कानून-व्यवस्था और सामाजिक परिवेश पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है, लेकिन उन दो मासूमों—एक लड़का और एक लड़की—के आंसुओं का जवाब किसी के पास नहीं है, जिनकी दुनिया उनके पिता के हाथों ही उजड़ गई।

