दमोह,राजेन्द्र तिवारी। मध्य प्रदेश के दमोह शहर के जबलपुर नाका क्षेत्र स्थित आम चोपड़ा शक्ति नगर में गुरुवार रात एक संदिग्ध गोलीकांड में 45 वर्षीय संतोष राठौर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। जानकारी के अनुसार रात करीब 9:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जहां संतोष राठौर गंभीर हालत में पड़े मिले। उन्हें तत्काल मदद देने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। सागर से आई टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, वहीं देहात थाना टीआई अमित गौतम और जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल ने मौके पर मौजूद रहकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में दो नाली की 12 बोर बंदूक का इस्तेमाल हुआ है। हालांकि गोली चलने के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।


परिजनों का कहना है कि संतोष राठौर के साथ यह हादसा बंदूक साफ करते समय हुआ, लेकिन पुलिस इस मामले को केवल दुर्घटना मानकर नहीं चल रही है। आत्महत्या या किसी अन्य आपराधिक एंगल से भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।