शिवसागर तालाब से मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू, नागरिकों की सुरक्षा के लिए कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई

Advertisement
खजुराहो,तुलसीदास सोनी। नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के शिवसागर तालाब से मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशों के पालन में शनिवार को संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार, शिवसागर तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी से स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा को संभावित खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के निर्देश दिए गए। इसके तहत एसडीईआरएफ, होमगार्ड एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया।
कलेक्टर के निर्देश पर नगर परिषद द्वारा वन विभाग एवं पुरातत्व विभाग से पत्राचार कर समन्वय स्थापित किया गया। रेस्क्यू टीम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड भूपेंद्र सिंह ठाकुर, प्लाटून कमांडेंट विनीत तिवारी सहित एसडीईआरएफ के जवान राकेश, रविंद्र, अमन, दिनेश, सुनील, अशोक, पुरुषोत्तम, विनोद, प्रीतम, मुन्ना लाल, पर्वत सिंह, बाबूलाल, बालक दास तथा वाहन चालक गयादिन अहिरवार की विशेष भूमिका रही। इसके साथ ही वन विभाग, पुरातत्व विभाग एवं नगर परिषद की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग द्वारा मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से दूरस्थ क्षेत्र की नदी में छोड़ा जाएगा। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों ने राहत की सांस ली है।
