उमरिया, तपस गुप्ता। जिले की पुलिस लाइन में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विजय सिंह कोल (55 वर्ष), मूल निवासी सागर, उमरिया पुलिस लाइन की शस्त्र शाखा में पदस्थ थे। मंगलवार को उन्होंने पुलिस लाइन परिसर स्थित तालाब की मेड़ के किनारे खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहडोल जोन के डीआईजी और उमरिया पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
सब इंस्पेक्टर विजय सिंह कोल के इस कदम से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। सहकर्मी और अधिकारी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।




