बापू महाविद्यालय में होगा जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ का आयोजन, छात्र रखेंगे लोकतंत्र पर विचार
नौगांव (कमल यादव)। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय बापू महाविद्यालय में 16 मार्च सोमवार को जिला स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत छतरपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे और “आपातकाल के 50 वर्ष: लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार, तर्क और सुझाव प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार रखने के लिए 3 मिनट का समय दिया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं तथा प्रभावी अभिव्यक्ति की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मानवेन्द्र सिंह (भंवर राजा) की उपस्थिति में होगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा विषय की प्रासंगिकता, प्रस्तुतीकरण, तर्क क्षमता, मौखिक अभिव्यक्ति, नवाचार और शारीरिक भाषा जैसे मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा उन्हें अगले स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। महाविद्यालय परिवार ने जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर युवाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।



