पीपल के पेड़ से टपक रही पानी की धार, ग्रामीणों में आस्था और चर्चा का माहौल

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर। जिले की सतवास तहसील के अंतर्गत आने वाले बामनी बुजुर्ग गांव में एक रहस्यमयी और आकर्षक घटना ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां भिलट देव स्थान पर स्थित एक प्राचीन पीपल के पेड़ की एक डाली से लगातार पानी की धार टपक रही है, जिसे देखकर ग्रामीण इसे चमत्कार मान रहे हैं। इस घटना के बाद गांव में आस्था का माहौल बन गया है और दूर-दूर से लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, 6 मार्च को शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे यह पानी टपकना शुरू हुआ। शुरुआत में कुछ बूंदें गिरीं, लेकिन बाद में यह धार निरंतर बहने लगी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इस दृश्य का वीडियो भी बनाया, जिसमें स्पष्ट रूप से पेड़ की डाली से पानी की बूंदें गिरती दिखाई दे रही हैं। कई लोग इसे धार्मिक महत्व से जोड़ते हुए पूजा-अर्चना करने लगे और फूल-चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं।
गांव के कुछ बुजुर्गों ने बताया कि इस पीपल के पेड़ से पहले भी दूध जैसी सफेद धार निकलने की बातें सुनी गई हैं। स्थानीय लोग इसे भिलट देव की कृपा मानकर श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि, कुछ जानकारों का मानना है कि पेड़ों से ऐसा पानी या रस टपकना पूरी तरह प्राकृतिक घटना भी हो सकती है। अधिक नमी, जड़ों में दबाव, किसी कीट के प्रभाव या पेड़ में छोटी-मोटी क्षति के कारण भी यह संभव है। अभी तक इस घटना का कोई वैज्ञानिक या अंतिम कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
