छतरपुर, संदीप यादव। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर निवासी 25 वर्षीय हर्षिनी शिवहरे पति गोकुल प्रसाद शिवहरे की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जब हर्षिनी घर पर सो रही थी। इसी दौरान उसे किसी विषैले जीव अथवा सर्प ने काट लिया। सुबह तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी।


परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने और सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। झांसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने हर्षिनी को मृत घोषित कर दिया।


मृत्यु की सूचना मिलने के बाद भी परिजनों को विश्वास नहीं हुआ और वे शव को लेकर राठ-पनवाड़ी क्षेत्र में झाड़-फूंक कराने पहुंच गए। वहां से भी संतुष्टि नहीं मिलने पर शव को टीकमगढ़ ले जाकर झाड़-फूंक कराई गई। इसके बाद शाम के समय परिजन शव को पुनः जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।


इस दौरान जिला अस्पताल में मृतका के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उनका आरोप था कि उन्हें घटना और मौत की सूचना देर से दी गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और हाथापाई की स्थिति निर्मित हो गई। अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।


रविवार को जिला अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।