महाराजपुर, शिवम चौरसिया। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मऊ में शासकीय जमीन पर नाला खुदाई को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कई लोगों के सिर फूट गए और उन्हें लहूलुहान हालत में महाराजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।


जानकारी के अनुसार ग्राम मऊ में प्रेमचंद, जयहिंद, प्रमोद एवं अनिल द्वारा शासकीय भूमि पर नाला खुदाई का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी नरेश पटेल ने जमीन का सीमांकन होने तक खुदाई कार्य रोकने की बात कही। बताया जा रहा है कि सीमांकन को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चला आ रहा था और अधिकारियों से शिकायत भी की गई थी।


बुधवार 20 मई को दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद अचानक हिंसक हो उठा। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।


संघर्ष में एक पक्ष के नरेश पटेल पिता रामसेवक पटेल उम्र 34 वर्ष के सिर, कान के ऊपर एवं माथे में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी घायल बताए गए हैं।


दूसरे पक्ष के अनिल पिता राजेश पटेल के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि आसाराम पिता बैजनाथ के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा प्रेमचंद, जयहिंद एवं प्रमोद पटेल भी घायल हुए हैं।


सभी घायलों को उपचार के लिए महाराजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉ. आलोक चौरसिया द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। विवाद के कारणों एवं मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।