सतना, अंबिका केशरी। जिले के सरकारी गेहूँ उपार्जन केंद्रों पर कथित प्रशासनिक लापरवाही, बारदाने की कमी और किसानों से अवैध वसूली के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के कई खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाली बोरियां उपलब्ध नहीं हैं, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं अनाज उठाव कार्य में भी भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
समाजवादी पार्टी ने ज्ञापन में मांग की है कि जिला प्रशासन सभी उपार्जन केंद्रों पर तत्काल पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित करे। साथ ही खरीदे गए गेहूँ के परिवहन कार्य में तेजी लाई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले ट्रांसपोर्टरों पर सख्त कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया जाए।
पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि जिन किसानों का गेहूँ खरीदा जा चुका है, उनकी भुगतान राशि तत्काल उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाए। इसके अलावा उपार्जन केंद्रों पर बोरियों के नाम पर किसानों से की जा रही कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने और दोषी समितियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
सपा नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी कलेक्ट्रेट का पूर्ण घेराव करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।




