दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बटियागढ़-बक्सवाहा मार्ग पर स्थित नीमन तिराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पहले बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महेंद्र लोधी, बखत सिंह लोधी एवं 6 वर्षीय बालिका मोनिका सिंह, सभी निवासी इमलाई सिमरी, बाइक से अपने गांव से बाजना थाना क्षेत्र के एक गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नीमन तिराहे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।


घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल बटियागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।


घायलों ने बताया कि दुर्घटना ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हुई। वहीं बटियागढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।