तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो महिलाओं सहित तीन गंभीर घायल

Advertisement
सागर,पुष्पेंद्र राय। मध्यप्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहगढ़–टीकमगढ़ मार्ग पर शिवपुरी ग्राम के पास एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक सहित उस पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 112 पुलिस वाहन से घायलों को शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बबलू घोषी (45 वर्ष), उनकी पत्नी रेखा घोषी (40 वर्ष) तथा एक अन्य महिला शुभी पति रानू घोषी (26 वर्ष), सभी निवासी कुटौरा, जिला छतरपुर, को जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
