छतरपुर,संतोष शिवहरे। जिले के ग्राम कैंडी में पिछले एक माह के भीतर लगातार आपराधिक घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आज छतरपुर एसपी द्वारा गांव का भ्रमण कर हालात का जायजा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि हाल ही में गांव में मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई थी। इसके अलावा एक पक्के मकान की दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, वहीं मारपीट के भी दो मामले दर्ज किए गए हैं। इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में बढ़ते अपराध जैसे चोरी, डकैती, अवैध शराब का कारोबार, जमीनी विवाद और महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार गश्त बढ़ा रही है और गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें महिला सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिसकर्मी नियमित रूप से गांवों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
इसके साथ ही कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल को हर सप्ताह अपने-अपने आवंटित गांवों का दौरा करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके। पुलिस द्वारा अपराध संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां ‘डायल 112’ की प्रतिक्रिया समय को भी कम किया जा रहा है, जिससे आपात स्थिति में त्वरित मदद पहुंच सके।
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और आपसी विवादों को समय रहते सुलझाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

