छतरपुर। छतरपुर शहर के अमानगंज मोहल्ला स्थित मां विंध्यवासिनी नव दुर्गा उत्सव समिति ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए निर्धन एवं अनाथ कन्या दीपा अहिरवार का विवाह गडरपुरा चंद्रनगर निवासी मुलायम अहिरवार के साथ संपन्न कराया। जानकारी के अनुसार, दीपा अहिरवार के माता-पिता का करीब 15 वर्ष पहले निधन हो चुका था। ऐसे में समिति ने बेटी के विवाह की जिम्मेदारी उठाते हुए सामाजिक सहयोग से पूरे आयोजन को संपन्न कराया। समिति सदस्यों ने नगर के समाजसेवियों और नागरिकों से सहयोग राशि एकत्र कर विवाह की सभी व्यवस्थाएं कीं।


इस अवसर पर बृजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ बॉबी राजा गठेवरा ने कन्यादान कर नवदंपति को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। विवाह समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, समिति सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने समिति की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।