जबलपुर, अनुराग शुक्ला। ग्राम धनोरा पिंडरई में इन दिनों आध्यात्म, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पूज्य श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन उमड़ रही भीड़ से पूरा ग्रामीण अंचल भक्तिमय हो गया है।

सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश

आयोजन के दौरान गुरुदेव महाराज ने श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ सनातन धर्म की मूल भावना, उदार परंपरा और समाज को एक सूत्र में पिरोने वाले विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समय में अपनी संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। धर्म हमें जोड़ना सिखाता है, तोड़ना नहीं।


सनातन विषयों पर चर्चा और मर्यादा का संदेश

वर्तमान समय में सनातन धर्म से जुड़े विभिन्न विषयों पर हो रहे आयोजनों, प्रदर्शनों और सामाजिक प्रतिक्रियाओं को लेकर भी चर्चा हुई। गुरुदेव महाराज ने स्पष्ट किया कि आस्था जताते समय संयम, आपसी एकता और धार्मिक मर्यादाओं का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी।

जैन समाज की महिलाओं की सहभागिता ने बढ़ाई शोभा

इस धार्मिक अनुष्ठान में सामाजिक समरसता का एक सुंदर और प्रेरणादायक दृश्य उस वक्त देखने को मिला, जब जैन समाज की महिलाएं भी कथा स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया और गुरुदेव महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। विभिन्न समाजों की इस सहभागिता ने आपसी प्रेम और धार्मिक सद्भाव का एक अनूठा संदेश दिया है।