छतरपुर/बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। थाना क्षेत्र के ग्राम बमनी में कुल्हाड़ी से हुए जानलेवा हमले में घायल प्रहलाद यादव की ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव बड़ामलहरा थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
ग्रामीणों और परिजनों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि 13 नवंबर की रात प्रहलाद यादव पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में पहले बड़ामलहरा, फिर छतरपुर और अंतत: ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अखिल राठौर और एसडीओपी प्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को लगातार समझाइश दी और निष्पक्ष तथा कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। घटना के बाद से ग्राम बमनी में तनाव और गम का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।














