खजुराहो (छतरपुर),तुलसीदास सोनी। धार्मिक नगरी खजुराहो में इस वर्ष भी श्री हनुमान जन्मोत्सव को भव्यता के साथ मनाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। गत वर्ष नगरवासियों द्वारा उत्साहपूर्वक मनाए गए इस पर्व की सफलता को देखते हुए इस बार भी आयोजन को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक खजुराहो स्थित गली के बब्बा जू (श्री भंवरवीर हनुमान जी) मंदिर परिसर में संपन्न हुई, जिसमें आयोजन समिति के सदस्यों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने अपने-अपने सुझाव एवं सहयोग श्री हनुमान जी महाराज के चरणों में समर्पित करते हुए आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान हनुमान जन्मोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसमें शोभायात्रा, भजन-कीर्तन, प्रसादी वितरण, सजावट एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयोजन को अधिक आकर्षक और अनुशासित बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन करने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य रूप से इंद्रजीत दीक्षित, नवल नामदेव, राजकुमार द्विवेदी, आशीष गुप्ता, रोहित रजक, मुकेश मिश्रा, जीतेंद्र अग्रवाल, योगेश तिवारी, व्यापारी संघ अध्यक्ष नरेश सोनी, परशुराम तिवारी, इंजीनियर ओमप्रकाश पटेल, आनंद चतुर्वेदी, तुलसीदास सोनी, भगवान दास अहिरवार, नर्मदा अहिरवार, धीरेंद्र सिंह बुंदेला, अरुण प्रताप यादव, शैलेंद्र यादव, राकेश शुक्ला, डॉ. अजीत सिंह जादौन, अभिनव चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने हेतु अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाने की बात कही। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिससे नगर में उत्सव का माहौल और अधिक प्रबल हो सके।
नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और सभी श्रद्धालु भगवान श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव को भव्य रूप देने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।



