शिवालय में गूंजी शहनाई, जनसहयोग से विदा हुई बेटी

Advertisement
मऊसहानियां(पंकज यादव)। छतरपुर जिले के पर्यटक ग्राम मऊसहानियां के प्राचीन श्री सदाशिव मंदिर में सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां मंदिर समिति और ग्रामवासियों के सहयोग से मऊ सहानिया की बेटी किरण पुत्री स्वर्गीय मन्नू लाल और गंज निवासी राहुल पुत्र स्वर्गीय मलखान सिंह राय का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
सरपंच प्रतिनिधि अप्पू राजा सोनी ने बताया कि श्री सदाशिव मंदिर कमेटी ने पिछले वर्ष भी एक कुशवाहा परिवार की बेटी का विवाह इसी प्रकार कराया था। इस वर्ष भी राय परिवार की बेटी के हाथ पीले कराने के लिए मऊ सहानिया सहित नौगांव और छतरपुर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंडप से लेकर भांवरों तक की सभी रस्में भगवान सदाशिव के सम्मुख संपन्न हुईं, ताकि नवदंपति को महादेव का सीधा आशीर्वाद प्राप्त हो सके। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे जब बेटी की विदाई का समय आया, तो पूरा परिसर भावुक हो गया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम थीं। सभी ने नम आंखों से अपनी लाड़ली को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए विदा किया। मंदिर कमेटी ने घोषणा की है कि वे हर वर्ष ऐसे परिवारों की बेटियों का चयन करेंगे, जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह करने में असमर्थ हैं। समिति ऐसी बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मंदिर परिसर में आयोजित कराएगी।
