मैहर से सनसनीखेज वारदात, जंगल में मिला जला हुआ महिला का शव

Advertisement
मैहर,नरेंद्र। मैहर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ताला थाना क्षेत्र के जंगल में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतिका की शिनाख्त सोमवती गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है, जबकि पुलिस व परिजनों की ओर से यह भी आशंका जताई जा रही है कि महिला को जिंदा जलाया गया हो सकता है। हालांकि, फिलहाल पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर महिला का शव पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था, जिससे पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया। शव की हालत इतनी भयावह थी कि केवल पैरों के कुछ अवशेष ही पहचान में आ रहे थे, जबकि पूरा शरीर बुरी तरह झुलस चुका था।
मृतिका के भतीजे ने शव की पहचान सोमवती गुप्ता के रूप में की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
परिजनों के मुताबिक सोमवती गुप्ता 14 फरवरी की शाम से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी ताला थाने में दर्ज कराई गई थी। आज सुबह करीब 10 बजे जंगल में जला हुआ शव मिलने की सूचना परिवार तक पहुंची। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
