बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। बीना थाना परिसर में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने पुलिस थाने के अंदर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी अनूप सिंह यादव और पुलिस जवानों की सतर्कता से युवक को समय रहते बचा लिया गया।


जानकारी के अनुसार 39 वर्षीय अभिषेक सिंह पुत्र महेंद्र सिंह ने कथित प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे सागर रेफर किया गया। इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई।


मृतक के परिजन शव को एम्बुलेंस से लेकर सीधे बीना थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि परिवार के ही कुछ लोगों की प्रताड़ना के कारण अभिषेक ने यह कदम उठाया।


बताया गया कि जब पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो गुस्साए परिजनों ने थाने परिसर में ही तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इस दौरान थाना प्रभारी अनूप सिंह यादव, नितिन पटेल एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को पकड़ लिया और उस पर पानी डालकर आग लगने से पहले स्थिति को नियंत्रित कर लिया।


थाना प्रभारी अनूप सिंह यादव ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मर्ग डायरी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला जीआरपी क्षेत्र से जुड़ा हो सकता है, इसलिए जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।