छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पत्नी द्वारा पति की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार महोबा रोड स्थित मिशन अस्पताल के पास रहने वाले दीपक रैकवार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर मामला सिटी कोतवाली थाना स्थानांतरित किया, जहां भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस जांच, मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर सामने आया कि दीपक रैकवार की पत्नी कमला रैकवार ने घरेलू विवाद के दौरान डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। चोट लगने के बाद दीपक की हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी कमला रैकवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, उप निरीक्षक उमा परिहार, उप निरीक्षक वीरेंद्र रैकवार, सहायक उप निरीक्षक गिरिजेश राजा, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह सेंगर, महिला आरक्षक रोहिणी तिवारी, आरक्षक नरेश सिंह, संदीप सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




