महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज भोपाल में एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व धार्मिक आयोजन

Advertisement
भोपाल, जीतेन्द्र यादव। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज भोपाल में एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर से आए 500 से अधिक किन्नरों की सनातन धर्म में घर वापसी कराई जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से किन्नर समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी साखी समेत कई चर्चित किन्नर संतों की मौजूदगी रहेगी। इस अवसर पर महामंडलेश्वरों का पट्टा अभिषेक भी संपन्न कराया जाएगा।
देश को मिलेगा पहला किन्नर शंकराचार्य
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि आज देश को पहला किन्नर शंकराचार्य मिलने की घोषणा की जाएगी। बताया जा रहा है कि राजस्थान के पुष्कर से देश के पहले किन्नर शंकराचार्य का चयन संभव है।
साधु-संत और विशिष्ट अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल होंगे। साथ ही पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
किन्नर अखाड़ा कर रहा आयोजन
इस पूरे आयोजन का नेतृत्व किन्नर अखाड़ा के संस्थापक ऋषि अजय दास द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सभी किन्नरों का धार्मिक शुद्धिकरण संस्कार भी कराया जाएगा।
काजल ठाकुर गुट की घर वापसी
किन्नर काजल ठाकुर गुट के करीब 50 किन्नरों की भी सनातन धर्म में घर वापसी होगी। काजल ठाकुर ने अपने विरोधी गुट की सुरैया नायक हाजी को भी कार्यक्रम में शामिल होने और सनातन धर्म में वापसी करने का खुला निमंत्रण दिया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम को देखते हुए किन्नर काजल ठाकुर की सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है। महाशिवरात्रि पर होने वाला यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी एक बड़ा संदेश देने वाला माना जा रहा है।
