नई दिल्ली। दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। छठ महापर्व से ठीक पहले यमुना में मरी मछलियां मिलने की घटना को लेकर दिल्ली सरकार ने इसे सुनियोजित साजिश करार दिया है।

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने मछली बाजारों से मरी हुई मछलियां लाकर जानबूझकर यमुना में फेंकी हैं, ताकि छठ महापर्व से पहले सरकार की छवि खराब की जा सके। उन्होंने इस मामले में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग को दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और एफआईआर के निर्देश दिए हैं।

मामले को लेकर सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यकारी अभियंता सोमनाथ कश्यप ने सोनिया विहार थाने के एसएचओ को पत्र लिखा है। 12 नवंबर को लिखे गए इस पत्र में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। पत्र में कहा गया है कि छठ पर्व 15 और 16 नवंबर को यमुना नदी के किनारे मनाया जाना है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के छठ घाटों पर आकर पूजा-अर्चना करने की उम्मीद है।

पत्र में कहा गया है कि कुछ अज्ञात व्यक्ति केवल दिल्ली सरकार की छवि खराब करने के एकमात्र उद्देश्य से यमुना नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं, जो बड़े पैमाने पर छठ पर्व का आयोजन कर रही है। ऐसी गतिविधि न केवल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है, बल्कि दिल्ली सरकार की छवि को भी खराब करती है।

विभाग ने पुलिस से अनुरोध किया है कि मामले की जांच कर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने और दिल्ली सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से इस प्रकार की गैरकानूनी, असामाजिक और निंदनीय गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करें और कानून के अनुसार उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।

दिल्ली सरकार का कहना है कि इस बार छठ महापर्व को बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। यमुना के घाटों पर सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में यमुना में मरी हुई मछलियां डालना सरकार के प्रयासों को बदनाम करने की कोशिश है।