अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। ताला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नदी किनारे संचालित एक छोटी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर भारी मात्रा में महुआ लहान बरामद किया। आरोपियों द्वारा लहान को मुकुंदपुर से गुजरने वाली बिहर नदी के पानी में डुबोकर छिपाया गया था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डालडा के डिब्बों में भरे करीब 55 डिब्बे लहान बरामद किए, जिनका कुल वजन लगभग 8 क्विंटल 25 किलो बताया जा रहा है। पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने मौके पर ही महुआ लहान को नष्ट कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।