दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। फुटेरा कला गांव में नियमविरुद्ध संचालित क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गांव में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तीन क्लीनिकों को सील किया गया तथा वहां से दवाइयां और अन्य सामग्री जब्त की गई।
जांच के दौरान बंगाली डॉक्टर बबलू बैरागी की क्लीनिक सहित दो अन्य क्लीनिकों पर बिना वैध डिग्री के उपचार और दवाओं के संचालन की स्थिति सामने आने पर कार्रवाई की गई। टीम ने संबंधित क्लीनिकों को सील कर दवाइयां जब्त कीं और जांच प्रतिवेदन तैयार किया।
यह भी पढि़ए: 40 मिनट की खतरनाक मॉक ड्रिल:ताजमहल में रिवर साइड से घुसे 2 आतंकियों को जवानों ने किया ढेर; CISF-यूपी पुलिस और बम निरोधक दस्ते सहित 70 जवानों ने संभाला मोर्चा
स्वास्थ्य विभाग के डॉ. ऋषि पटेल ने बताया कि लंबे समय से अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर तीन स्थानों पर जांच की गई, जहां नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर क्लीनिक सील किए गए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले फुटेरा कला में इलाज कराने पहुंचे घुराटा निवासी एक व्यक्ति की इलाज के दौरान सागर में मौत हो गई थी। परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।











