उमरिया, तपस गुप्ता । जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। इसका असर संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम पर भी पड़ा है। जलस्तर बढ़ने के बाद परियोजना प्रबंधन ने डैम के चार गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डैम के चारों गेट करीब दो-दो मीटर तक खोले गए हैं। गेट खुलने के बाद पानी की निकासी जारी है। लगातार बारिश के बीच डैम से पानी छोड़े जाने का नजारा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
यह भी पढि़ए: गणेश उत्सव:तेज डीजे की आवाज के बीच बिगड़ी छात्रा की तबीयत, अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत
संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के अधिकारी मनोज त्रिपाठी ने बताया कि बारिश के कारण डैम में पानी की आवक बढ़ी है। वर्तमान में चार गेट करीब दो मीटर तक खुले हैं। डैम के जलस्तर, पानी की आवक और गेटों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बारिश का दौर जारी रहने से डैम के जलस्तर पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों की टीम स्थिति के अनुसार पानी की निकासी को नियंत्रित कर रही है। यदि आने वाले दिनों में बारिश और पानी की आवक बढ़ती है तो निकासी की स्थिति में बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल चार गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है।











