बैतूल, सुरेन्द्र बावने। बैतूल में गणेश उत्सव की धूम के बीच एक दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। जेएच कॉलेज की बीएससी प्रथम वर्ष की सत्रह वर्षीय छात्रा अपनी सहेली के साथ गणपति बाप्पा के दर्शन करने निकली थी। शाहपुर के एक छोटे से गांव से आकर बैतूल में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही यह छात्रा त्योहार की भीड़ और भक्ति के माहौल में शामिल हुई थी। लेकिन जहां डीजे का तेज और कान फाड़ू साउंड बज रहा था, वहीं अचानक उसके साथ कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको हिला दिया।


तेज आवाज के बीच छात्रा को घबराहट और बेचैनी होने लगी। कुछ ही पलों में वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाया और अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि छात्रा को हार्ट अटैक आया था। घबराहट, बेचैनी और पसीने से तरबतर होना जैसे लक्षण स्पष्ट रूप से हृदय गति रुकने की ओर इशारा कर रहे थे। डीजे के अत्यधिक तेज साउंड से उत्पन्न तनाव और घबराहट ने ही इस घटना को जन्म दिया हो सकता है।


यह भी पढि़ए: छतरपुर शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन:छतरपुर कलेक्टर ने 20 प्राचार्यों-लेखापालों को थमाया नोटिस, ललगुवां स्कूल के 7 जिम्मेदारों पर गिरी गाज



पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में गणेश उत्सव जोरों पर है और चारों ओर डीजे की तेज धुनें गूंज रही हैं। परिजनों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक पर्व है, लेकिन साउंड इतना कम होना चाहिए कि किसी की जान न जाए। उन्होंने प्रशासन से निवेदन किया है कि तेज आवाज पर रोक लगाई जाए। एक पिता की पीड़ा साफ झलक रही है जब वह कहते हैं कि मेरी बेटी की तो जान चली गई।


यह घटना सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान लापरवाही से बजने वाले तेज साउंड के खतरे की याद दिलाती है। बैतूल में गणेश उत्सव की रौनक अभी बाकी है, लेकिन इस घटना ने उत्सव की खुशी पर दुख की छाया डाल दी है। पुलिस जांच जारी है और प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि ऐसे हादसों को दोहराने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।