छतरपुर/बमीठा, अशोक नामदेव। बमीठा-खजुराहो एनएच-339बी पर शनिवार सुबह बारिश के बाद पुलिया के पास हुए जलभराव में विदेशी पर्यटकों से भरी एक मिनी बस फंस गई। बस चालक ने जलभराव से निकलने के प्रयास में बस को पीछे किया, लेकिन वह सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में फंस गई। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एकजुट होकर बस को धक्का देकर बाहर निकाला और पर्यटकों को सुरक्षित बचाया।


स्थानीय लोगों के अनुसार बमीठा से खजुराहो तक करीब 11 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ है। एसबीआई बैंक के सामने पुलिया बनाई गई है, लेकिन पुलिया के आगे बारिश के पानी की निकासी के लिए बना नाला अब दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले की जगह मकान निर्माण होने के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित है। बारिश होते ही सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है।


जलभराव के कारण खजुराहो रोड किनारे बने करीब 100 मकानों में भी पानी भरने की समस्या सामने आती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार घरों में कई दिनों तक चूल्हे तक नहीं जल पाते। ग्रामीणों के मुताबिक प्रशासन द्वारा लंबे समय से बारिश के पानी की निकासी के पुराने नाले को खोजने और समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।


शनिवार को विदेशी पर्यटकों की बस के जलभराव में फंसने की घटना ने सड़क की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुलिया के सामने पुराने जल निकासी नाले की तलाश कर उसे अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा पानी की निकासी का स्थायी रास्ता बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विश्वप्रसिद्ध खजुराहो आने वाले विदेशी पर्यटकों के सामने ऐसी घटनाओं से क्षेत्र की छवि प्रभावित हो सकती है। प्रशासन को बारिश से पहले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।