छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत खजुराहो के टूरिस्ट विलेज में समस्या निवारण एवं हितलाभ वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने नगर परिषद खजुराहो के 174 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान अनुग्रह सहायता के 5, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के 3, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 6, आयुष्मान योजना के 6 तथा पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के 12 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
शिविर में कलेक्टर मृणाल मीना ने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पिछले दो दिनों के प्री-कैम्प और शिविर में प्राप्त आवेदनों में से तत्काल निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर के अनुसार पिछले एक सप्ताह में अभियान के तहत करीब 7 हजार आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।












