होली पर्व से पहले सतवास में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर । होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सतवास पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड पर है। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
एडिशनल एसपी सौम्या जैन ने बताया कि थाना सतवास क्षेत्र में रिजर्व पुलिस बल, थाना टीम और एसडीओपी कन्नौद के साथ मिलकर नगर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में यह फ्लैग मार्च किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
एडिशनल एसपी सौम्या जैन ने आगे बताया कि आगामी होली त्योहार को देखते हुए आज विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 3 और 4 मार्च को होली का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। कुछ जगहों पर 3 मार्च को भी होलिका दहन प्रस्तावित है। उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहार को खुशी और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की शरारत या उकसावे से बचें। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति में सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
