बीच सड़क मारपीट करने वाले युवकों की पहचान में जुटी पुलिस

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर में एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के पाटनीपुरा चौराहे पर दो युवकों ने बीच सड़क को अखाड़ा बनाकर जमकर मारपीट की। घटना आस्था टॉकीज के पास की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों के बीच गाड़ी टकराने को लेकर विवाद हुआ था, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गया। दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए और सड़क पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा। इस दौरान चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
घटना के समय मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को अलग किया। पूरी घटना का वीडियो एक राहगीर ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहचान होते ही आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
