बैतूल, सुरेन्द्र बावने। बैतूल-खंडवा स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 8 वर्षीय बच्चे और एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार खंडवा जिले के सिंगोट क्षेत्र से दो पिकअप वाहनों में सवार होकर बाराती बैतूल जिले के बगडोना गांव जा रहे थे। इसी दौरान महुपानी गांव के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में एक पिकअप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई।
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह हादसा हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

