फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' के खिलाफ छतरपुर में आक्रोश: यादव समाज ने निकाली विरोध रैली, छत्रसाल चौक पर फूंका पुतला

Advertisement
छतरपुर, संदीप यादव/संजय अवस्थी। छतरपुर में 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म के खिलाफ यादव समाज का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई दे रहा है। फिल्म के शीर्षक को समाज की गरिमा के खिलाफ बताते हुए यादव समाज के लोगों ने शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। समाज का आरोप है कि इस तरह के नामों से एक विशेष वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है और मनोरंजन के नाम पर समाज की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत शहर के ऐतिहासिक मोटे के महावीर मंदिर से हुई, जहाँ यादव समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। यहाँ से समाज के युवाओं और वरिष्ठों ने फिल्म के विरोध में एक विशाल रैली निकाली। हाथों में फिल्म का पुतला और विरोध की तख्तियां लिए यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए छत्रसाल चौक पहुँची। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और फिल्म के नाम पर कड़ी आपत्ति जताई।
शहर के हृदय स्थल छत्रसाल चौक पर पहुँचकर प्रदर्शनकारियों ने फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' का पुतला आग के हवाले कर दिया। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे किसी भी स्तर पर अपने समाज के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि फिल्म का नाम नहीं बदला गया या इसका प्रदर्शन नहीं रोका गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।
प्रदर्शन के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। इस ज्ञापन में मांग की गई है कि फिल्म के नाम से 'यादव' शब्द को तत्काल हटाया जाए और मध्य प्रदेश में इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। इस मौके पर यादव समाज के जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।
