इटमा गोलीकांड में नया मोड़, नकाबपोश हमलावर की कहानी निकली झूठी

Advertisement
सतना,नरेंद्र। मैहर के ग्राम इटमा में हुए कथित गोलीकांड के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर जिस घटना को अज्ञात नकाबपोश युवक द्वारा गोली मारने की वारदात बताया जा रहा था, वह कहानी झूठी निकली। घायल युवक ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर खुद ही देसी बंदूक बनाने का प्रयास किया था, इसी दौरान कारतूस फटने से गोली उसके कंधे में लग गई।
घटना 6 मार्च की है। देर रात ताला पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम इटमा में अभिषेक दाहिया नामक युवक को किसी अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति ने घर का दरवाजा खुलवाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा लेकर पहुंचे।
मामले को संदिग्ध मानते हुए सूचना मिलते ही ताला थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। एसडीओपी ख्याति मिश्रा भी मौके पर पहुंचीं और पुलिस टीम के साथ पूरे मामले की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस मेडिकल कॉलेज रीवा पहुंची और घायल युवक से लगातार पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान अभिषेक दाहिया ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह यूट्यूब पर वीडियो देखकर घर में देसी बंदूक बनाने की कोशिश कर रहा था। इसके लिए उसने सीलिंग फैन के पाइप में कारतूस डालकर उसे लाइटर से गर्म किया। लाइटर की गर्मी मिलते ही कारतूस अचानक फट गया और गोली चल गई, जो उसके कंधे में जा लगी।
गोली लगते ही युवक चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा ले गए। बाद में उसने अपने परिजनों को अज्ञात नकाबपोश हमलावर द्वारा गोली मारने की झूठी कहानी सुना दी थी।
जब ताला पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की तो वहां से सीलिंग फैन का पाइप, कारतूस, लाइटर और अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस ने अभिषेक दाहिया के खिलाफ आयुध अधिनियम 1959 की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी करेगी।


