जिला अस्पताल में नई लैब का नया भवन शुरू, अब बड़ी-बड़ी जांचें भी निशुल्क होंगी

Advertisement
छतरपुर,संजय अवस्थी। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल की लैब अब नए भवन में शिफ्ट हो गई है, जहां अब बड़ी से बड़ी जांचें भी उपलब्ध होंगी और ये सभी जांचें मरीजों के लिए पूरी तरह निशुल्क की गई हैं।
इस नए भवन का शुभारंभ छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव और कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में दोनों अधिकारियों ने इस सुविधा को जनता के लिए बड़ी राहत बताया और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।
नए भवन में शिफ्ट होने के बाद लैब की क्षमता और सुविधाओं में काफी वृद्धि हुई है। अब यहां पहले से अधिक उन्नत जांचें संभव हो सकेंगी, जिससे मरीजों को बाहर रेफर करने की जरूरत कम होगी और समय पर इलाज मिल सकेगा।
लैब के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए डॉक्टर श्वेता गर्ग ने बताया कि नई लैब में आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। यहां ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट, विभिन्न प्रकार की बायोकेमिस्ट्री जांचें, पैथोलॉजी संबंधी सभी प्रमुख जांचें और अन्य कई महत्वपूर्ण टेस्ट निशुल्क उपलब्ध होंगे। डॉ. गार्गी ने कहा कि इसकी वजह से गरीब और आम मरीजों को काफी फायदा होगा, क्योंकि महंगी जांचों के लिए अब उन्हें निजी लैब्स के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
