नगरपालिका को मिला नया कचरा वाहन, सफाई व्यवस्था होगी मजबूत

Advertisement
बीना,बृजपाल सिंह राजपूत। बीना नगरपालिका परिषद में कचरा वाहनों की कमी के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नगर तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन कचरा संग्रहण में चुनौतियां बनी हुई थीं। इस समस्या के समाधान के लिए नगरपालिका अध्यक्ष लता सकबार और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) राहुल कौरव ने सक्रिय पहल की। उनकी कोशिशों के फलस्वरूप कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बीना शाखा ने नगरपालिका को एक नया कचरा वाहन उपलब्ध कराया।
इस वाहन की अनुमानित कीमत लगभग सात लाख पचास हजार रुपये है। बैंक अधिकारियों ने इस वाहन को नगरपालिका परिषद के लिए सौंपा, जिससे अब शहर के सभी वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण आसान हो जाएगा। वाहन के आगमन से सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।
नगरपालिका अध्यक्ष लता सकबार ने सीएमओ राहुल कौरव, नगरपालिका स्टाफ के साथ मिलकर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेट बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक की यह उदार मदद नगर की स्वच्छता को नई दिशा देगी और निवासियों को बेहतर सफाई सेवाएं मिल सकेंगी।
