रतलाम। रतलाम में आवारा मवेशी पकड़ने गई नगर निगम की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना दीनदयाल नगर इलाके की बताई जा रही है, जहां सोमवार देर रात निगम कर्मचारी कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम को रोक लिया और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों के साथ हाथापाई की गई और वाहन में बंद पशुओं को छुड़ाकर ले जाया गया। घटना में नगर निगम के दो कर्मचारी घायल हो गए हैं।
रात में चल रही थी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम सोमवार रात करीब 1:30 बजे दीनदयाल नगर क्षेत्र में आवारा मवेशियों को पकड़ने निकली थी। टीम पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया।
वाहन पर चढ़कर छुड़ा ले गए मवेशी
नगर निगम कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ लोग पशु पकड़ने वाले वाहन पर चढ़ गए और उसमें बंद मवेशियों को जबरन बाहर निकाल लिया। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान उप स्वच्छता पर्यवेक्षक विराट मेहरा और कर्मचारी चरणसिंह घायल हो गए। बताया गया कि विराट मेहरा की आंख, कान और होंठ पर चोट आई है, जबकि दूसरे कर्मचारी के चेहरे पर चोट लगी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों घायलों को वहां से बाहर निकाला।
सफाई कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना से नाराज नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और वार्ड प्रभारियों ने मंगलवार सुबह काम बंद कर दिया। कर्मचारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था रोकते हुए दीनदयाल नगर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। कई कर्मचारी कचरा वाहनों के साथ थाने के बाहर पहुंचे और नारेबाजी की।कर्मचारियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान मौजूद पुलिस जवानों ने समय पर मदद नहीं की। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन चला। बाद में प्रशासन और पुलिस की ओर से कार्रवाई के आश्वासन के बाद कर्मचारी वापस काम पर लौटे।




