देश के 167 देशों में मनाया गया मातृ-पितृ पूजन दिवस, छिंदवाड़ा जिले में भव्य आयोजन

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी।संत श्री आशाराम जी बापू की प्रेरणा से विश्व के 167 देशों में मनाया जाने वाला मातृ-पितृ पूजन दिवस इस वर्ष देशभर के साथ-साथ छिंदवाड़ा जिले में भी भव्य रूप से आयोजित किया गया। आयोजन के अंतर्गत जिले के 1462 ग्रामों, सैकड़ों स्कूलों तथा देशभर के लगभग 68 लाख शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रम का संचालन श्री योग वेदांत सेवा समिति द्वारा किया गया।
समिति के अनुसार, पिछले दो महीनों से चल रहे इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 74 करोड़ तथा छिंदवाड़ा जिले में 9 लाख माता-पिता का वैदिक विधि से पूजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, विद्यार्थियों एवं युवाओं में माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कारों का विकास करना रहा।
बताया गया कि इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 2006 में छिंदवाड़ा गुरुकुल से हुई थी, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बन चुकी है। गुरुकुल में देश के 24 राज्यों एवं विदेशों से आए विद्यार्थियों ने भगवान गणेश की भावना के अनुरूप अपने माता-पिता का पूजन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सांसद विवेक (बंटी) साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, महापौर विक्रम आहाके सहित अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
समिति के अध्यक्ष मदन मोहन परसाई ने आयोजन में सहयोग देने वाले प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया।
