भोपाल | मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में जोरदार दस्तक देने के बाद मानसून की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया है। मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार, पिछले 3 दिनों से मानसून की अग्रिम सीमा एक ही स्थान पर ठहरी हुई है और प्रदेश के शेष हिस्सों, विशेषकर भोपाल और उज्जैन संभाग के नागरिकों को झमाझम बारिश के लिए अभी 2 से 3 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 48 से 72 घंटों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो रही हैं। यह सिस्टम आगे बढ़ने पर सबसे पहले भोपाल-उज्जैन संभाग को तरबतर करेगा, जबकि सबसे आखिरी में ग्वालियर-चंबल अंचल में दस्तक देगा।


24 जून को हुई थी दस्तक, इन 15 जिलों में अटका है मानसून

उल्लेखनीय है कि 24 जून को प्रदेश में मानसून का विधिवत आगमन हुआ था। पहले ही दिन आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी जिलों में मानसून के प्रवेश की आधिकारिक घोषणा कर दी गई थी। लेकिन इस शुरुआती रफ्तार के बाद मानसूनी हवाओं का सिस्टम आगे नहीं खिसक सका है।


मौसम का मिजाज: सिवनी-उज्जैन में भारी वर्षा, तापमान में आई गिरावट

भले ही मानसून ठहर गया हो, लेकिन प्री-मानसून और स्थानीय सिस्टम के चलते शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश दर्ज की गई।


कहाँ कितना बरसा पानी: सबसे ज्यादा बारिश सिवनी में दर्ज की गई, जहां करीब 2 इंच पानी गिरा। इसके अलावा उज्जैन में डेढ़ इंच से ज्यादा और शाजापुर के शुजालपुर व अकोदिया सहित आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हुई। दतिया, इंदौर, राजगढ़, शिवपुरी, मंडला, रीवा, सागर, बालाघाट, खंडवा, आगर-मालवा और मंदसौर में भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहा।


पारा लुढ़का: इस बारिश के चलते दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। खरगोन में पारा सबसे कम 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल और इंदौर में 33.8 डिग्री, उज्जैन में 33.5 डिग्री, जबलपुर में 36.7 डिग्री जबकि ग्वालियर में अभी भी तपिश बरकरार है, जहां तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


कुदरत का कहर: बालाघाट में बिजली गिरने से 3 की मौत, देवास में ढही गैलरी

बारिश और आंधी के इस दौर के बीच प्रदेश में दो अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की असमय मौत हो गई, जिससे खुशियों के माहौल में मातम पसर गया। बालाघाट में गाज का तांडव: बालाघाट जिले की बैहर तहसील के अंतर्गत आने वाली बिरवा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को अचानक आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से दो मासूम बच्चों सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस हादसे में 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों की पहचान लल्की मेरावी, झामसिंह ताराम (35 वर्ष) और सतीश वलके के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवास में पूजा के दौरान हादसा: उधर, देवास जिले के खटांबा गांव में एक धार्मिक परंपरा के तहत 'सूरज की पूजा' चल रही थी। इसी दौरान अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण एक मकान की गैलरी भरभरा कर ढह गई। मलबे की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान लक्ष्मीबाई और भगवंताबाई के रूप में हुई है।


आज छतरपुर-जबलपुर सहित 43 जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र के मुताबिक आज राजधानी भोपाल सहित रायसेल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।