टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। शहर के चकरा तिगेला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक कपड़ों के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा भारी मात्रा में कपड़ा व अन्य सामान जलकर खाक हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही आसपास के लोगों ने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।


प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।