छतरपुर,अशोक नामदेव । जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर चौकी के धमना गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां खेलते समय 5 वर्षीय मासूम बच्ची ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कुएं में गिर गई।
जानकारी के अनुसार, कैलाश अहिरवार की 5 वर्षीय पुत्री चांदनी अहिरवार घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर में चाबी लगी होने के कारण बच्ची ने खेल-खेल में ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सीधे पास के कुएं में जा गिरा। घटना दोपहर करीब 3 बजे वाराखेरा माइनर के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर बच्ची को कुएं से बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और पूरे गांव में घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

