भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश की बेटी अंजना यादव ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। रायसेन जिले के सेमरी गांव की रहने वाली अंजना यादव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
अंजना यादव ने कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करते हुए विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलता पूर्वक तिरंगा फहराया। उनकी इस उपलब्धि को महिलाओं के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंजना यादव को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने माउंट एवरेस्ट फतह कर हम सभी को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंजना का साहस, संकल्प और समर्पण प्रदेश की सभी बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने अंजना यादव को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंजना की इस सफलता से न केवल रायसेन जिला बल्कि पूरा मध्यप्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी उपलब्धि युवाओं और विशेष रूप से बेटियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी।

