मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा मध्य प्रदेश, जानिए किन शहरों में पारा 35–38 डिग्री के पार...!

Temperature of MP
Advertisement
मध्य प्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। आमतौर पर प्रदेश में 15 मार्च के बाद तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया है और पहले ही पखवाड़े में तापमान तेजी से बढ़ गया है। सागर, ग्वालियर-चंबल के बाद अब इंदौर और उज्जैन संभाग में भी गर्मी का असर तेज हो गया है।
इंदौर में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी पारा 35 डिग्री के पार दर्ज किया गया। शुक्रवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं धार, दमोह, सागर, शाजापुर, गुना, छतरपुर, रतलाम और टीकमगढ़ में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक टर्फ लाइन गुजर रही है और साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है, लेकिन इसका प्रदेश पर ज्यादा असर नहीं पड़ रहा। आसमान साफ रहने के कारण सूरज की तेज धूप सीधे जमीन पर पड़ रही है, जिससे गर्मी का प्रभाव बढ़ गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों के लिए गाइडलाइन भी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप का असर सबसे ज्यादा रहता है, इसलिए जरूरत होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय मुंह ढंकने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है और मार्च के पहले ही पखवाड़े में कई जिलों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि मार्च में लू चलने की संभावना नहीं है, लेकिन अप्रैल और मई में हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है, जब प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
