सतना,अंबिका केशरी। शहर के कोलगवां थाना अंतर्गत नई बस्ती इलाके में एक बार फिर शराब दुकान खोले जाने की खबर से स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने घरों से निकलकर सड़कों पर उतर आईं और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र में शराब की दुकान संचालित की गई थी, जिसके चलते इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा था। लोगों के मुताबिक उस दौरान कई गंभीर घटनाएं जैसे मारपीट, गोलीबारी और हत्या तक की वारदातें सामने आई थीं। लगातार विरोध के बाद प्रशासन को मजबूर होकर उस समय दुकान हटानी पड़ी थी।
अब एक बार फिर उसी क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने की तैयारी से लोगों में भारी आक्रोश है। नई बस्ती के वार्ड क्रमांक 13, 14, 15, 17 और 18 के रहवासी बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि करीब 25 हजार की आबादी वाले इस रिहायशी क्षेत्र में शराब दुकान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खास तौर पर सुरक्षा और सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका जताई।
उनका कहना है कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियां बढ़ती हैं, जिससे बच्चों और महिलाओं पर बुरा असर पड़ता है। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। साथ ही यह भी कहा गया कि मामले की समीक्षा कर उचित निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि शराब दुकान खोलने का प्रयास किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।



