सतना,अंबिका केशरी। सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र के धारकुंडी जंगल में वन्यजीवों की चहलकदमी बढ़ गई है। बुधवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक तेंदुआ सड़क के बीचों-बीच करीब आधे घंटे तक चलता रहा। यह घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है। यह वाकया धारकुंडी आश्रम से मानिकपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ।
रात लगभग 9 बजे मानिकपुर से अपने गांव सेलौरा लौट रहे रोहित पांडेय, पियूष शुक्ला और विष्णु रावत नामक युवकों ने अपने चार पहिया वाहन से घाटी से पहले सड़क पर तेंदुए को बैठा देखा। तेंदुए को अचानक सामने देखकर चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी। तीनों युवक वाहन के अंदर ही बैठे रहे और सांस थामे तेंदुए की हरकतों को देखते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ पूरी तरह निश्चिंत नजर आ रहा था और करीब आधे घंटे तक सड़क पर ही चलता रहा।
कुछ देर बाद वह सड़क पर आगे बढ़ने लगा। युवकों ने भी सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए धीरे-धीरे वाहन चलाया। थोड़ी दूरी तय करने के बाद तेंदुआ सड़क छोड़कर जंगल की ओर मुड़ गया। राहगीरों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि धारकुंडी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। लगभग पांच दिन पहले भी धारकुंडी थाना और आश्रम के बीच सड़क किनारे एक तेंदुआ देखा गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके अतिरिक्त, मझगवां रेंज के बरहा-डेंगरहट मार्ग में भी हाल ही में बाघ की मौजूदगी सामने आई है, जहां पुलिया के नीचे पूरे दिन बाघ के बैठे रहने का वीडियो सामने आया था।


