भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में हाल ही में हुई असमय वर्षा, आंधी एवं ओलावृष्टि से किसानों को हुई व्यापक क्षति को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर त्वरित कार्यवाही की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेश के भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, बड़वानी, बैतूल, रायसेन सहित अनेक जिलों में गेहूं, सरसों एवं चना की खड़ी एवं कटाई उपरांत तैयार फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। विशेष रूप से गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी समय पर प्रारंभ नहीं हो पाने के कारण किसानों की उपज लंबे समय तक खेतों एवं खलिहानों में रखी रही, जिससे वर्षा एवं ओलावृष्टि के चलते किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य शासन से मांग की है कि—
* प्रभावित जिलों में राजस्व एवं कृषि विभाग के माध्यम से शीघ्र, पारदर्शी एवं समयबद्ध सर्वेक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन कराया जाए।
* आकलित क्षति के अनुरूप किसानों को यथोचित आर्थिक सहायता/मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाए।
* वर्षा से प्रभावित उपज के संदर्भ में गुणवत्ता मानकों में आवश्यक एवं व्यवहारिक शिथिलता प्रदान की जाए, ताकि किसानों को उपार्जन से वंचित न होना पड़े।
उन्होंने आग्रह किया है कि उक्त विषय में आवश्यक निर्देश प्रदान कर यथाशीघ्र समुचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।

